भोपाल 03 दिसम्बर 2024 - भोपाल के ऐशबाग इलाके में एक ASI ने अपनी पत्नी और साली की चाकू घोंपकर हत्या कर दी. हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, ASI योगेश मरावी मंडला में पदस्थ हैं. योगेश की पत्नी विनीता भोपाल में नौकरी करती थीं और ऐशबाग थाना क्षेत्र में प्रभात पेट्रोल पंप के पास अपनी बहन के साथ किराए के फ्लैट में रहती थीं. योगेश का अपनी पत्नी से कुछ समय से विवाद चल रहा था. सोमवार सुबह घरेलू नौकरानी फ्लैट पर आई. इसके बाद योगेश की पत्नी विनीता ने मेड के लिए दरवाजा खोला. इसी दौरान योगेश फ्लैट में दाखिल हो गया. तभी योगेश और विनीता के बीच कहासुनी शुरू हो गई और योगेश ने अपनी पत्नी विनीता पर चाकू से हमला कर दिया।
विनीता की चीख सुनकर उसकी बहन उसे बचाने आई, लेकिन योगेश ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया. सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, विनीता और उसकी बहन की मौत हो गई. इसके बाद नौकरानी ने पड़ोसियों को सूचना दी, जिसके बाद ऐशबाग थाने की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल, पुलिस की कई टीमें आरोपी ASI की तलाश में जुटी हैं।