Back to News

सक्ती से बड़ी खबर - आदतन बदमाश ओम प्रकाश एक साल के लिए जिला बदर, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

सक्ती से बड़ी खबर - आदतन बदमाश ओम प्रकाश एक साल के लिए जिला बदर, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

सक्ती 09 अप्रैल 2026 - इस वक्त सक्ती जिले से बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है यँहा कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने आदतन गुंडा बदमाश ओम प्रकाश बंजारे को एक साल के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया है कलेक्टर ने यह कार्यवाही SP कार्यालय से भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर की है।

SP प्रफुल्ल ठाकुर जिला सक्ती के द्वारा भेजे गए प्रतिवेदन प्रस्तुत दस्तावेजों के अवलोकन के बाद कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने ओमप्रकाश बंजारे पिता विक्रम बंजारे निवासी ग्राम सेन्दरी थाना जैजैपुर जिला सक्ती को जिला बदर किया है। प्रकरण में ओम प्रकाश बंजारे द्वारा यह स्वीकार किया गया कि उसके विरुद्ध विभिन्न न्यायालयों में प्रतिबंधात्मक प्रकरण लंबित हैं और वह अभी तक दोषमुक्त नहीं हुआ है। साथ ही, उसने प्रदेशभर में सामाजिक गतिविधियों के नाम पर धरना-प्रदर्शनों में भाग लेने की बात भी स्वीकार की।

जांच में यह भी पाया कि पूर्व में की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों के बावजूद ओम प्रकाश बंजारे के आचरण में कोई सुधार नहीं आया है। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जिला दण्डाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 3 एवं 5 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए ओमप्रकाश बंजारे को एक वर्ष की अवधि के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया है।

इस एक वर्ष के अवधि के दौरान ओम प्रकाश बंजारे जिला सक्ती सहित समीपवर्ती जिला जांजगीर-चांपा, कोरबा, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ की सीमाओं में प्रवेश नही कर पायेगा। ओम प्रकाश बंजारे को 24 घंटे के भीतर इन जिलों की सीमाओं से बाहर चले जाने तथा 01 वर्ष की कालावधि तक प्रवेश नहीं करने के लिए आदेशित किया गया है।