Back to News

बड़ी खबर - गरीब रथ एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, यात्रियों में मची अफरातफरी

बड़ी खबर - गरीब रथ एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, यात्रियों में मची अफरातफरी

लुधियाना 18 अक्टूबर 2025 - अमृतसर से सहरसा जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस में आज सुबह अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना उस वक्त हुई जब ट्रेन अंबाला से आधा किलोमीटर आगे सरहिंद स्टेशन के पास पहुंची थी। ट्रेन के एक डिब्बे से धुआं उठता देख यात्रियों ने तुरंत इसकी जानकारी रेल कर्मियों को दी। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को तुरंत आउटर में ही रोक दिया। जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। वहीं इस हादसे में एक महिला के झुलसने की खबर है।

घटना सुबह करीब 7ः30 बजे की बताई जा रही है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। लेकिन तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के बाद ट्रेन की स्थिति का निरीक्षण किया जा रहा है।

क्षतिग्रस्त कोच की जांच के बाद ट्रेन को जल्द ही अपने गंतव्य सहरसा की ओर रवाना किया जाएगा।रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीमों ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरा में ले लिया है और यात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया की जा रही हैं।