Back to News

बड़ी खबर - केरल में मानसून ने दी दस्तक , हो रही है मूसलाधार बारिश , कई जिलों में रेड अलर्ट

बड़ी खबर - केरल में मानसून ने दी दस्तक , हो रही है मूसलाधार बारिश , कई जिलों में रेड अलर्ट

नई दिल्ली 24 मई 2025 - मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है. यह भारत की मुख्य भूमि पर पिछले 16 वर्षों में मानसून का सबसे पहले आगमन है. इस बार अपने तय वक्त से 8 दिन पहले ही मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है. भारत के मौसम विभाग ने इसकी जानकारी दी है।

पिछली बार राज्य में मानसून इतनी जल्दी 2009 और 2001 में आया था, जब यह 23 मई को राज्य में पहुंचा था. केरल में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 1 जून है. हालांकि, 1918 में राज्य में 11 मई को ही मानसून ने दस्तक दे दी थी, जो आज तक का केरल में सबसे जल्दी मानसून आगमन का इकलौता मामला है।

मौसम विशेषज्ञों ने पहले ही आगाह कर दिया था कि मानसून की शुरुआत उत्साहजनक है, लेकिन वास्तविक प्रभाव इस बात पर निर्भर करेगा कि आने वाले हफ्तों में देश भर में मानसून कितनी स्थिरता और एकरूपता से आगे बढ़ता है.  IMD ने मानसून के आगमन को देखते हुए केरल के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है जो अगले 24 घंटों में 20 सेमी से अधिक बारिश का सामना कर सकते हैं. कुछ अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां 11 सेमी से 20 सेमी के बीच बारिश हो सकती है. IMD ने 6 सेमी से 11 सेमी के बीच भारी बारिश की आशंका वाले क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है।