Back to News

छत्तीसगढ़ - श्रद्धालुओं से भरी कार पेड़ से टकराई, हादसे में दो युवकों की मौत

छत्तीसगढ़ - श्रद्धालुओं से भरी कार पेड़ से टकराई, हादसे में दो युवकों की मौत

बिलासपुर 03 जनवरी 2026 - रायपुर से पूर्णिमा स्नान के लिए अमरकंटक जा रहे श्रद्धालुओं की कार बेलगहना क्षेत्र के ग्राम भसको के पास सड़क से उतर कर पेड़ से जा टकराई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद हादसे की सूचना मृतक के स्वजन को दी गई है। स्वजन के आने पर शव का पीएम कराया गया है।

बेलगहना चौकी प्रभारी हेमंत सिंह ने बताया कि रायपुर खम्हारडीह थाना अंतर्गत कचना निवासी रामकुमार धीवर (45) अपने दोस्त निलेश्वर धीवर (38) दलदल सीवनी, सुखसागर मानिकपुरी (39) निवासी मजेठा थाना खरोरा, अमित चंद्रवंशी निवासी दलदल सिवनी और राजकुमार साहू के साथ पुर्णिमा स्नान के लिए अमरकंटक जा रहे थे। कार निलेश्वर चला रहा था।

शनिवार सुबह करीब नौ बजे वे बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्राम भसको के पास पहुंचे थे। तभी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में रामकुमार धीवर और राजकुमार साहू को गंभीर चोटें आईं। हादसे में निलेश्वर और उनके दो अन्य साथी भी घायल हो गए।

किसी ने हादसे की सूचना बेलगहना पुलिस को दी। तब बेलगहना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर राम कुमार की मौत हो गई थी। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भेजा। रास्ते में राजकुमार ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों के शव को चीरघर भेज दिया। हादसे की सूचना पर स्वजन भी रतनपुर पहुंच गए। यहां उनका पीएम कराया गया।