जगदलपुर 13 अप्रैल 2026 - जगदलपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रविवार शाम तेज रफ्तार कार और बाईक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, आसना जामगुड़ा निवासी सुखनाथ कश्यप अपनी पत्नी फुलमनी कश्यप के साथ घरेलू कार्य से भानपुरी गए थे। काम निपटाने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही वे आसना क्षेत्र के पास पहुंचे, जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं कार में सवार तीनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।