Back to News

छत्तीसगढ़ - देवर ने भाभी को बेरहमी से उतारा मौत के घाट, वारदात से इलाके में मची सनसनी

छत्तीसगढ़ - देवर ने भाभी को बेरहमी से उतारा मौत के घाट, वारदात से इलाके में मची सनसनी

अंबिकापुर 01 नवम्बर 2025 - गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विशुनपुर खुर्द में गुरुवार को हुए पारिवारिक विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पति-पत्नी के झगड़े को सुलझाने पहुंची भाभी पर देवर ने टांगी से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के आरोप में जेल भेजने की तैयारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, विशुनपुर खुर्द अंतर्गत गोरसी डबरा निवासी गोपी यादव गुरुवार सुबह अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ रहा था। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच मारपीट की नौबत आ गई। शोर गुल सुनकर पास में रहने वाली भाभी सोनमतिया यादव, पति तीरथ यादव के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पति-पत्नी के बीच विवाद शांत कराने की कोशिश की और दोनों को अलग करने लगीं। 

इसी दौरान गुस्से में भरे देवर गोपी यादव ने अचानक अपनी भाभी सोनमतिया पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर पर वार लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी। घायल सोनमतिया को परिजन गंभीर हालत में सरगुजा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।