Back to News

छत्तीसगढ़ - सनकी आशिक ने नाबालिग प्रेमिका के पिता पर चलाई गोली, इलाके में मची सनसनी

छत्तीसगढ़ - सनकी आशिक ने नाबालिग प्रेमिका के पिता पर चलाई गोली, इलाके में मची सनसनी

कोरबा 20 फरवरी 2026 - कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के संगमनगर बस्ती में एक युवक द्वारा कथित तौर पर नाबालिग लड़की के पिता पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। राहत की बात यह रही कि इस हमले में पीड़ित पिता बाल-बाल बच गए।घटना बालको थाना इलाके की संगमनगर बस्ती में हुई।

बताया जा रहा है कि आरोपी युवक नाबालिग लड़की के प्रति एकतरफा प्रेम संबंध रखता था। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इसी बात को लेकर युवक और लड़की के परिवार के बीच पहले भी तनाव की स्थिति बनी हुई थी। घटना के वक्त आरोपी युवक लड़की के घर के पास पहुंचा। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हुई। विवाद के बाद युवक ने गुस्से में आकर नाबालिग के पिता को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। हालांकि, गोली सीधे व्यक्ति को न लगकर घर के शटर में जा धंसी, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। घर के शटर पर गोली लगने के निशान भी पाए गए हैं। मामले में उपयोग किए गए हथियार के संबंध में भी जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और घटना के पीछे की वजह क्या थीं।