दुर्ग 11 मार्च 2025 - पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर छापेमारी के लिए पहुंची ED टीम पर हमला मामले में केस दर्ज किया गया है। दरअसल सोमवार को पूर्व सीएम भूपेश बघेल के घर पर छापेमारी की गयी थी, जिसके बाद जब रेड मारकर टीम उनके घर से बाहर निकली तो उस पर हमला किया गया। इस मामले में ED की टीम के साथ मौजूद एक सुरक्षा कर्मी ने FIR दर्ज करवाई है।
FIR में कहा गया है कि जब छापेमारी कर वे लोग बाहर निकल रहे थे तो ED की एक गाड़ी पर पथराव किया गया, जिसकी वजह से गाड़ी का शीशा फूट गया। पथराव कर सरकारी काम में बाधा डाली गई। FIR में हमले का आरोप सन्नी अग्रवाल नाम के शख्स और उसके साथ आए 15- 20 लोगों पर लगाया गया है।
FIR में बताया गया कि शाम करीब 4:30 बजे जब ED की टीम छापेमारी खत्म कर बाहर निकली, तो 15-20 प्रदर्शनकारियों ने इनोवा कार को घेर लिया। कुछ प्रदर्शनकारी गाड़ी के बोनट पर चढ़ गए और धमकी भरे लहजे में बोले, “गाड़ी को कैसे लेकर जाओगे?” इसी दौरान एक प्रदर्शनकारी ने ड्राइवर साइड के शीशे पर पत्थर मारा, जिससे शीशा पूरी तरह टूट गया। बाद में पता चला कि पत्थर मारने वाला शख्स सन्नी अग्रवाल था।
आरोप है कि इन लोगों ने बल प्रयोग करते हुए पथराव किया और ED की कार्रवाई को बाधित करने की कोशिश की। ED ने पहले ही साफ कर दिया था कि वह इस घटना को लेकर केस दर्ज करवाएगी, जो अब दर्ज हो चुका है।