Back to News

छत्तीसगढ़ - ऑनलाइन सट्टा खेलाते सुरेश माखिजा और गिरीश माखिजा गिरफ्तार, दोनो है बाप बेटे

छत्तीसगढ़ - ऑनलाइन सट्टा खेलाते सुरेश माखिजा और गिरीश माखिजा गिरफ्तार, दोनो है बाप बेटे

रायगढ़ 01 फरवरी 2026 - रायगढ़ जिले में मादक पदार्थों की बिक्री के साथ-साथ अवैध सट्टेबाजी पर भी रायगढ़ पुलिस ने शिकंजा कसना तेज कर दिया है। इसी क्रम में थाना जूटमिल, चक्रधरनगर व साइबर थाना की संयुक्त टीमों ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले बाप और बेटे को गिरफ्तार किया है।

चक्रधरनगर व साइबर थाना की टीम ने पक्की खोली सिंधी कॉलोनी में दबिश देकर सुरेश माखिजा और उसके बेटे गिरीश माखिजा को पकड़ा। दबिश के दौरान घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला, काफी प्रयास के बाद पुलिस भीतर पहुंची तो सुरेश माखिजा मौजूद मिला। पूछताछ में उसने सट्टा जुआ चलाना स्वीकार किया। इसी बीच बाथरूम से जलने की बदबू आने पर दरवाजा खुलवाया गया, जहां उसका बेटा गिरीश माखिजा मिला, जो साक्ष्य नष्ट करने के उद्देश्य से कुछ सामग्री जला कर फ्लश कर चुका था।

मौके पर पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे अपने घर से ही मोबाइल के माध्यम से व्हाट्सएप पर सट्टा खेलने वालों से अंकों का विवरण लेते थे, दांव की राशि यूपीआई के जरिए अपने बैंक खातों में मंगवाते थे और जीत की रकम ऑनलाइन ही वापस करते थे।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से वीवो कंपनी के दो 5जी मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनके व्हाट्सएप चैट और फोटो गैलरी में विभिन्न अंकों पर रुपये के दांव से संबंधित सट्टा पट्टी के प्रमाण पाए गए।

सुरेश माखिजा (उम्र 65 वर्ष) एवं गिरीश माखिजा (उम्र 34 वर्ष), दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 22 पक्की खोली सिंधी कॉलोनी थाना चक्रधरनगर, के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06(क), 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 31 जनवरी की रात गिरफ्तारी की गई है। ट्रांजेक्शन डिटेल निकाले जा रहे हैं, मामले में आगे जांच जारी है।