Back to News

छत्तीसगढ़ - भाजपा कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में चोरों का धावा, महिला नेत्रियों के गहने पार

छत्तीसगढ़ - भाजपा कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में चोरों का धावा, महिला नेत्रियों के गहने पार

मनेन्द्रगढ़ 27 नवम्बर 2025 - भाजपा कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में उस समय हड़कंप मच गया, जब महिला मोर्चा की दो कार्यकर्ताओं के कीमती गहने चोरी होने की जानकारी सामने आई। यह घटना कार्यक्रम के दौरान भीड़ के बीच हुई, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग पहुंचे थे। महिला नेत्रियों में से एक का मंगलसूत्र और दूसरी का सोने की चेन चोरी होने की पुष्टि हुई है।

भाजपा के नए कार्यालय भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में शहरभर से पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। समारोह के दौरान जब भीड़ अधिक थी, तभी अज्ञात व्यक्तियों ने मौका पाकर महिला मोर्चा की दो कार्यकर्ताओं के गहने पार कर दिए। दोनों महिलाओं ने जैसे ही गहनों की गुमशुदगी महसूस की, कार्यक्रम स्थल पर हल्का तनाव फैल गया। महिला कार्यकर्ताओं ने घटना की जानकारी क्षेत्र की विधायक और केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह को दी। मंत्री ने दोनों महिलाओं को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और दोषी जल्द पकड़े जाएंगे।

उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद पुलिसकर्मियों और पार्टी पदाधिकारियों को भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। पीड़ित महिलाओं ने बाद में सिटी कोतवाली पहुंचकर घटना की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए कहा कि चोरी की घटना अत्यंत संवेदनशील है और जांच के लिए परिसर में लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही कार्यक्रम में मौजूद संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए भी जांच प्रक्रिया तेज कर दी गई है।