रायपुर 25 फरवरी 2026 - छत्तीसगढ़ सरकार ने होली पर्व को लेकर बड़ा फैसला लिया है। राज्य में होली के दिन सभी देशी-विदेशी शराब दुकानें बंद रहेंगी। आबकारी विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर होली को ‘ड्राई डे’ घोषित कर दिया है।
जारी आदेश के मुताबिक, होली के दिन प्रदेशभर में संचालित सभी मदिरा दुकानें, बार और संबंधित बिक्री केंद्र पूर्णतः बंद रहेंगे। इस अवधि में शराब की बिक्री, परिवहन और वितरण पर भी प्रतिबंध रहेगा। सरकार का कहना है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांति पूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। आबकारी विभाग ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को आदेश के सख्ती से पालन के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, छत्तीसगढ़ सरकार ने अपनी नई आबकारी नीति में होली समेत तीन ड्राई डे को खत्म कर दिया था। नई नीति के अनुसार साल 2026-27 में सिर्फ 4 दिन ड्राई डे घोषित किए गए है, इनमें 26 जनवरी गणतंत्र दिवस, 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस, 02 अक्टूबर गांधी जयंती और 18 दिसंबर गुरु घासी दास जयंती शामिल हैं। होली पर ड्राई डे नहीं था। इसे लेकर कई जगहों पर विरोध की खबरें आई थी।